निगम के होटलों में फौजियों व पत्रकारों को ठहरने पर 50% व खाने पर 30% मिलेंगी छूट..
दैनिक जनवार्ता न्यूज
कांगड़ा। हिमाचल पर्यटन विकास निगम के होटलों में हिमाचली फौजियों को ठहरने पर 50 फीसदी की छूट दी जाएगी। ये बात निगम के अध्यक्ष और विधायक आरएस बाली ने कांगड़ा में कही।
उन्होंने कहा कि यह सुविधा भारतीय सेना में सेवारत हिमाचली जवानों को साल के आठ महीने मिलेगी, जबकि मार्च से लेकर जून तक चार महीने उन्हें 30 फीसदी की छूट दी जाएगी। साथ ही होटल में रहने वाले फौजियों को खाने पर अतिरिक्त 30 फीसदी की छूट दी जाएगी। बाली ने कहा कि यही सुविधा सूबे के पूर्व सैनिकों और सरकार से मान्यता प्राप्त पत्रकारों को भी मिलेगी। प्रदेश और इसके बाहर निगम के किसी भी होटल में ठहरने और खाने पर उन्हें यह छूट दी जाएगी।
महाशिवरात्रि के दिन उन्होंने प्रदेश के इन वर्गों को सुविधा देने के लिए यह घोषणा की है। इस संदर्भ में सोमवार को निगम अधिसूचना जारी करेगा। इसके बाद उक्त तीनों श्रेणी के लोगों और उनके परिवारों के लिए यह सुविधा शुरू हो जाएगी।
बाली ने इस दौरान शनिवार को पालमपुर से अंब तक वंदे भारत बस सेवा शुरू करने का भी ऐलान किया। सुबह 8:00 बजे हाईटेक सुविधा से लैस वॉल्वो बस पालमपुर से चलेगी और नगरोटा, कांगड़ा और देहरा से होते हुए बस अंब तक पहुंचेगी। इससे जिले के लोगों को वंदे भारत ट्रेन सुविधा से जुड़ने की सुविधा मिल जाएगी।
