Himachal Pradesh : Sirmaur : Local News : March 2024.
——————————————————————————–
दैनिक जनवार्ता न्यूज
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब उपमंडल के तहत हाथी के हमले से एक भेड़पालक की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की शिनाख्त तपेंद्र सिंह पुत्र हीरा सिंह, निवासी गांव क्यारी, तहसील शिलाई के रूप में हुई है। जिले में 11 महीनों के भीतर हाथी के हमले से यह दूसरी मौत हुई है।
ताजा घटना उपमंडल पांवटा साहिब के तहत माजरा रेंज के जंगल में पेश आई। यहां हाथी के हमले से 45 वर्षीय भेड़पालक की मौत हो गई। घटना माजरा रेंज के सैनवाला जंगल में बीते वीरवार देर रात सामने आई। जानकारी के अनुसार भेड़पालक तपेंद्र अन्य दो-तीन साथियों के साथ जंगल में रह रहा था। इसी बीच जंगली हाथी ने तपेंद्र पर हमला कर उसे बुरी तरह से घायल कर दिया।
108 एंबुलेंस की मदद से घायल तपेंद्र को सिविल अस्पताल पांवटा साहिब लाया गया। हालत नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे नाहन मेडिकल कॉलेज रैफर किया गया, मगर उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही माजरा पुलिस और वन विभाग की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। जांच के दौरान जंगल में मौजूद भेड़पालकों ने बताया कि तपेंद्र जंगल में भेड़पालकों के साथ रह रहा था। इस दौरान वह अपनी बकरियों को ले जा रहा था। इसी बीच अचानक एक जंगली हाथी मौके पर पहुंच गया और उसने तपेंद्र पर हमला कर दिया। इसके बाद जब उन्होंने तपेंद्र के चिल्लाने की आवाज सुनी तो वह मौके पर पहुंचे और उसे बुरी तरह घायल अवस्था पाया। उन्हें हाथी मौके पर नहीं मिला। घायल तपेंद्र ने ही उन्हें बताया कि उस पर हाथी ने हमला किया है।
बता दें कि हाथी के हमले से मौत का ये दूसरा मामला है। गत वर्ष अप्रैल माह में भी कोलर पंचायत में हाथी के हमले में एक बुुजुर्ग महिला की मौत हो गई थी।
माजरा थाना के एसएचओ प्रताप सिंह परमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
