Himachal Pradesh : शिमला : 08 March 2024.
——————————————————————————–
दैनिक जनवार्ता न्यूज
शिमला। हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक वीरवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक में कहीं अहम फैसले लिए गए। कैबिनेट के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने बताया कि कैबिनेट सब कमेटी ने हिमाचल के 2401 एसएमसी अध्यापकों को नियमित करने का रास्ता निकाला है। इन सभी शिक्षकों को पहले एलडीआर कोटे के तहत अनुबंध किया जाएगा, इसके बाद इन्हें नियमित करने की प्रक्रिया आरंभ की जाएगी।
उन्होंने कहा कि हिमाचल के सरकारी स्कूलों में तैनात 985 कंप्यूटर शिक्षकों को पीजीटी पदों पर भर्ती किया जाएगा। इसके अलावा जिला परिषद कर्मचारियों को छठे वेतन आयोग का लाभ भी मिलेगा। कैबिनेट ने इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना पर भी मोहर लगा दी है। एक अप्रैल से सभी पात्र महिलाओं को हर महीने 1500₹ भत्ता मिलना शुरू हो जाएगा।
👉कैबिनेट बैठक में ये अहम फैसले हुए
मंत्री ने बताया कि कैबिनेट ने ऊना डिग्री कॉलेज का नाम उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की दिवंगत पत्नी सिम्मी अग्निहोत्री के नाम पर करने का भी निर्णय लिया है। वहीं, कांग्रेस के घोषणा पत्र के मुताबिक गोबर को दो रुपए किलो खरीदने की बात पर भी कैबिनेट ने अहम निर्णय लिया गया है। अब सरकार गोबर को कंपोस्ट खाद में परिवर्तित करने के बाद किसानों से तीन रुपए प्रति किलो खरीदेगी।
मंत्रिमंडल ने जिला चम्बा के सूही मेला और साहो जातर को जिला स्तरीय मेला घोषित करने का भी निर्णय लिया है। आईजीएमसी शिमला के रेडियो थेरेपी विभाग में मेडिकल फिजीसिस्ट के एक पद को स्तरोन्नत कर सहायक प्रोफेसर मेडिकल फिजिक्स करने का निर्णय लिया गया। डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा के कार्डियोलोजी विभाग में सहायक प्रोफेसर का एक पद सृजित कर भरने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण शिमला मण्डल-3 से सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक चमियाणा के प्रशासनिक नियंत्रण को विंटर फील्ड उपमण्डल के अन्तर्गत हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण शिमला मण्डल-1 में करने का निर्णय लिया गया। लोक निर्माण विभाग शिमला मण्डल-1 के अंतर्गत आने वाले छोटा शिमला अनुभाग के नियंत्रण को लोक निर्माण विभाग के मण्डल-3 के अंतर्गत विंटर फील्ड स्थित उपमण्डल-7 में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया।
