Himachal Pradesh, Shimla, 06 March 2024.
——————————————————————————–
दैनिक जनवार्ता न्यूज
शिमला। प्रदेश सरकार ने करीब 5 लाख सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ा तोहफा दिया है। प्रदेश सरकार ने सोमवार को कर्मचारियों और पेंशनरों को छठे वेतन आयोग का एरिया देने के आदेश जारी किए। आगामी वित्त वर्ष में कर्मचारियों और पेंशनरों को कुल एरियर का 4.5 प्रतिशत भुगतान किया जाएगा। यह एक जनवरी 2016 से दिया जाना तय है। इसमें 1.5 प्रतिशत एरियर का भुगतान मार्च में कर दिया जाएगा। इसके बाद प्रति माह 0.25 प्रतिशत से अधिक एरियर की अदायगी नहीं की जाएगी।
इसके अलावा महंगाई भत्ते का एरिया भी वित्तीय वर्ष 2024 25 में नियमित कर्मचारियों और पेंशनरों को मासिक वेतन में 1.5% दिया जाएगा। पेंशनरों के लिए भी सरकार ने चार प्रतिशत महंगाई भत्ते की अधिक सूचना जारी की है। इसे भी नए वित्त वर्ष में जारी किया जाएगा। यह भत्ता 34 से बढ़कर 38 प्रतिशत हो गया है।
अतिरिक्त महंगाई भत्ता मई में मिलने वाले अप्रैल माह के वेतन में दिया जाएगा। जुलाई 2022 से एरिया में बड़ा हुआ महंगाई भत्ता दिया जाएगा। वित्त विभाग के प्रधान सचिव ने सोमवार को इसकी अधिसूचना जारी की है।
इधर अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने इसका विरोध करते हुए कहा है कि प्रदेश के कर्मचारियों के साथ खेल खेला जा रहा है। महासंघ इसका कड़ा विरोध करता है। उन्होंने कहा कि सरकार को प्रदेश के सभी कर्मचारियों को एक मुश्त वेतन और डीए का एरियर देना होगा।
अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के प्रांत अध्यक्ष पवन कुमार, राष्ट्रीय सचिव पवन मिश्रा, प्रांत महामंत्री डॉ. मामराज पुंडीर, मीडिया प्रभारी शशि शर्मा सहित सभी जिला अध्यक्षों और महामंत्रियों ने सरकार से मांग की है कि प्रदेश के लाखों कर्मचारियों को एक मुश्त एरियर दिया जाए।
