👉पुलिस भर्ती नियमों में किया गया बदलाव
👉मेधावी छात्रों के खाते में डाले जाएंगे पैसे प्रति छात्र मिलेंगे 25000 रुपये
दैनिक जनवार्ता न्यूज
शिमला। हिमाचल प्रदेश में सियासी घमासान थमते ही मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को कैबिनेट के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री सुक्खू की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की इस बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए।
इस कैबिनेट बैठक में बजट घोषणाओं को स्वीकृति दी गई। बजट में बढ़ाया गया मानदेय एक अप्रैल 2024 से विभिन्न विभागों के कर्मचारीयों और अन्य वर्गों को दिए जाने को मंजूरी दी गई।
कैबिनेट बैठक के दौरान पुलिस भर्ती नियमों में भी संशोधन को मंजूरी दी गई है। बता दें कि प्रदेश में 1200 से भी अधिक पदों पर पुलिस कांस्टेबलों और चालकों की भर्ती होने जा रही है। यह भर्ती प्रक्रिया अब नए नियमों के आधार पर होगी।
कैबिनेट बैठक में 10वीं और 12वीं के मेधावी छात्रों को लैपटॉप और टैबलेट देने पर भी बड़ा फैसला लिया गया है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की कैबिनेट में फैसला लिया गया है कि मेधावी छात्रों को अब पैसे दिए जाएंगे, ताकि वह अपनी पसंद का लैपटॉप या टैबलेट खरीद सकें। इसके लिए प्रति लैपटॉप ₹25000 की राशि दी जाएगी। यह राशि बिल देने के बाद संबंधित छात्र के खाते में डाली जाएगी। सरकार के इस फैसले से छात्र अपनी पसंद का लैपटॉप और टैबलेट खरीद सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि हिमाचल प्रदेश में हर साल मेधावी छात्रों को सरकार की ओर से करीब 10500 लैपटॉप और टैबलेट दिए जाते हैं, लेकिन अब सरकार ने इसमें परिवर्तन करते हुए छात्रों को सीधे उनके खाते में ₹25000 देने का निर्णय लिया है।