Advertisement

सिरमौर : नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, नाइजीरियन व्यक्ति नशे की खेप सहित दिल्ली से गिरफ्तार

देश की राजधानी दिल्ली में रह रहे चिट्टे की तस्करी करने वाले नाइजीरियाई व्यक्ति तक पहुंची सिरमौर पुलिस, नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई

दैनिक जनवार्ता न्यूज
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। सिरमौर पुलिस ने अभी हाल ही में गिरफ्तार किए दो आरोपियों से की गई पूछताछ के आधार पर दिल्ली में रह रहे नाइजीरियन मूल के तस्कर UCHECHUKWU EMMANUEL EZE तक पहुंचने में सफलता प्राप्त की है। सिरमौर एसआईटी टीम उक्त नाइजीरियन व्यक्ति को 32.45 ग्राम हीरोइन के साथ गिरफ्तार करके नाहन ले आई है। शुक्रवार को उसे न्यायलय में पेश किया गया, जहां से आरोपी को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

बता दें कि 20 फरवरी को हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के एक व्यक्ति रोशन लाल उर्फ विक्की डॉन को पुलिस ने 960 नशीले कैप्सूल और 22.92 ग्राम चिट्टे सहित गिरफ्तार किया था।

लिहाजा पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच करने के लिए डीएसपी हेडक्वार्टर रमाकांत ठाकुर की अगुवाई में एक एसआईटी टीम गठित की। टीम ने गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की और एक अन्य तस्कर तेज प्रताप को अंबाला (हरियाणा) से गिरफ्तार किया।

उक्त दोनों आरोपियों ने पूछताछ के आधार पर पुलिस दिल्ली में उक्त नाइजीरियन व्यक्ति तक पहुंची। एसपी सिरमौर रमन कुमार मीणा ने बताया कि सिरमौर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दिल्ली से मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी से पूछताछ जारी है।