रेणुकाजी थाना के थाना प्रभारी जीत सिंह महाल का आकस्मिक निधन, ऊना जिला के सनोली गांव में होगा राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
दैनिक जनवार्ता न्यूज
नाहन (सिरमौर) पुलिस थाना श्री रेणुका जी के थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जीत सिंह महाल का शुक्रवार सुबह पांवटा साहिब में हार्टअटैक से निधन हो गया।जानकारी के मुताबिक जीत सिंह धर्मशाला में कोर्ट एविडेंस के लिए शुक्रवार को निकलने वाले थे। इसके लिए वह वीरवार देर शाम पांवटा साहिब में अपने एक रिश्तेदार के घर पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह 5:30 बजे के आसपास जीत सिंह को साइलेंट अटैक पड़ा। उन्हें सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिली है कि कुछ समय पहले ही उनके हार्ट स्टंट डले थे। वह कुछ समय से बीमार भी चल रहे थे। फिर भी वह अपनी ड्यूटी कर रहे थे। उनके निधन से पुलिस महकमे के अधिकारियों और कर्मचारियों समेत ददाहू इलाके में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
बता दें कि इंस्पेक्टर जीत सिंह का जन्म 16 अक्टूबर 1966 को ऊना जिला के सनौली गांव में हुआ था। जीत सिंह पुलिस विभाग में 22 दिसंबर 1986 को बतौर कांस्टेबल भर्ती हुए थे। जिला सिरमौर में जीत सिंह ने 15 फरवरी 2022 को नाहन में ज्वाइन किया था। उसके बाद कुछ महीनों के लिए वह पुलिस थाना पुरुवाला के प्रभारी भी रहे। नवंबर 2023 में रेणुकाजी पुलिस थाना प्रभारी के पद पर स्थानांतरित हुए थे। जहां वह अपनी सेवाएं दे रहे थे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिरमौर योगेश रोल्टा ने बताया कि इंस्पेक्टर जीत सिंह का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ होगा। इस संदर्भ में ऊना पुलिस को जानकारी दे दी गई है। इंस्पेक्टर जीत सिंह के शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है।