किसान आज मनाएंगे काला दिवस, आगे की रणनीति पर भी किया जाएगा विचार
दैनिक जनवार्ता न्यूज़
अंबाला/चंडीगढ़। अपनी मांगों को लेकर शुरू किया गया किसानों का आंदोलन थमा जरूर है लेकिन रुका नहीं है। आज संयुक्त किसान मोर्चा काला दिवस मनाएगा। इसके अलावा केंद्रीय गृहमंत्री सहित हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और गृहमंत्री अनिल विज के पुतले जलाए जाएंगे।
बताया जा रहा है कि जींद की खनोरी सीमा पर किसान शुभकरण सिंह की मौत के विरोध में किसानों ने आज काला दिवस मनाने का ऐलान किया है। खबर है कि वीरवार को बॉर्डर पर दिनभर शांति का माहौल रहा। आगामी सोमवार को देश भर में ट्रैक्टर आक्रोश रैली निकालने और 14 मार्च को दिल्ली में किसान मजदूर महापंचायत बैठक का ऐलान किया गया है।
बहरहाल, किसान आंदोलन के समर्थन और युवा किसान शुभकरण की मौत के विरोध में किसान संगठनों ने पंजाब में 3 घंटे हाईवे जाम कर प्रदर्शन किया। हरियाणा में भी चढूनी गुट ने सड़क पर जाम लगाया।