मार्च माह से हिमाचल के राशन डिपुओं में 10 फीसदी कम दामों में मिलेंगे ये उत्पाद
दैनिक जनवार्ता न्यूज
शिमला। प्रदेश के लाखों राशनकार्ड उपभोक्ताओं को मार्च से ब्रांडेड कंपनियों के उत्पाद राशन की सस्ती दुकानों (डिपुओं) में उपलब्ध कराए जाएंगे। बताया जा रहा है कि चाय से लेकर दंत मंजन तक 21 वस्तुएं उपभोक्ताओं को बाजार से 10 फीसदी तक सस्ते मिलेंगे। पीओएस मशीनों में इन उत्पादों के दाम चढ़ा दिए गए हैं।
बीपीएल, एपीएल और टैक्स भरने वाले सभी राशनकार्ड उपभोक्ताओं को इन उत्पादों पर एक समान लाभ मिलेगा। हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम ने 2100 डिपुओं की पीओएस मशीनों में मूल्य सूची को चढ़ा दिया है।
इससे पहले किसी भी कंपनी के उत्पादों को डिपुओं के माध्यम से सस्ती दरों पर नहीं बेचा गया है। डिपुओं में इनमें से कुछ उत्पादों पर आठ फीसदी तो चाय पर दस फीसदी की सब्सिडी रहेगी। हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के महाप्रबंधक राजेश्वर गोयल ने बताया कि दाम लोड कर दिए गए हैं। अब इन्हें ऑनलाइन कर दिया जाएगा। ये 21 उत्पाद राशनकार्ड धारकों को बाजार मूल्यों से 8 से 10 फीसदी सस्ते मिलेंगे।
ये उत्पाद मिलेंगे डिपुओं में
च्यवनप्राश, लाल दंत मंजन, ओडोमॉस, शहद, हाजमोला जार, हनीटस कफ ड्रॉप जिंजर जार, हनीटस कफ ड्रॉप, हनी ऑरेंज जार, रेड पेस्ट, ओडोपिक स्कोरिंग बार, आंवला हेयर आयल, हाजमोला रेज बॉटल जार, रेड पेस्ट सेनिफ्रेस, बादाम हेयर आयल, सरसों आंवला हेयर आयल, बबूल टूथ पेस्ट और चाय।
