Advertisement

सिरमौर : कालाअंब की मेट्रो डिकोरेटिव प्रा.लि. औद्योगिक इकाई में आगजनी से डेढ़ करोड़ के नुकसान का आकलन

दैनिक जनवार्ता न्यूज
नाहन (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में यमुनानगर रोड़ पर स्थित प्लाईवुड बनाने वाली इकाई मैट्रो डेकोरेटिव प्रा. लि. में शुक्रवार देर रात हुए भीषण अग्निकांड में लगभग डेढ़ करोड़ रूपए का नुकसान आंका गया है।

उक्त कंपनी के महाप्रबंधक डीके सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार शाम करीब 6:45 बजे प्लांट के एक सेक्शन में स्थित लुब्रिकेंट ऑयल के टैंक में रिसाव होने से अचानक आग भड़क गई थी। आग इतनी भयंकर रूप से लगी कि इस पर काबू पाने के लिए लगभग 2 घंटे का समय लगा।

उन्होंने बताया कि घटना के समय वह कंपनी में मौजूद नहीं थे, वो व्यापारिक कार्यों के लिए बाहर गए हुए थे। उन्हें फोन पर सूचना मिली थी। लिहाजा वो शनिवार को कंपनी में पहुंचे। इसके बाद इस आगजनी से हुए नुकसान का आकलन किया गया। प्लांट के जिस भाग में आग लगी थी वहां मशीनरी और विद्युत उपकरणों सहित अन्य सामान के जलने से डेढ़ करोड़ का नुकसान हुआ है।