मेडिकल कॉलेज नाहन में भड़की आग, रसोई का सामान जलकर राख
दैनिक जनवार्ता न्यूज
नाहन (सिरमौर) डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कालेज नाहन में वीरवार तड़के हुए अग्निकांड में रसोई का सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि प्रधानाचार्य कार्यालय का रिकार्ड आग की चपेट में आने से बच गया।
बताया जा रहा है कि ये घटना सुबह करीब 3:00 बजे घटी। रसोई में लकड़ी की सीलिंग होने के कारण सुबह सवेरे अचानक आग भड़क गई। धुआं उठते देख वहां तैनात सुरक्षा कर्मी ने अन्य लोगों को सूचित किया। साथ ही दमकल विभाग को भी सूचित किया।
रसोई में भड़की आग ने साथ सटे प्रधानाचार्य कार्यालय को भी चपेट में ले लिया था। घटना के बाद कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। इसी बीच दमकल कर्मियों ने आग पर समय रहते काबू पा लिया।
हालांकि अभी आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट आग लगने का कारण माना जा रहा है।