हिमाचल प्रदेश विधानसभा बजट सत्र आज से शुरू, राज्यपाल के अभिभाषण से होगी शुरुआत
दैनिक जनवार्ता न्यूज
शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र आज सुबह 11:00 बजे शुरू हाेने जा रहा है। बजट सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही शांति से चल सकती है लेकिन दूसरे दिन हंगामे के आसार हैं।
इस बजट सत्र का शुभारंभ राज्यपाल शिवप्रताप शुक्ल के अभिभाषण से होगा। इसके बाद शोकोद्गार प्रस्ताव रखे जाने हैं। इसमें पूर्व विधानसभा सदस्य और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की पत्नी सिम्मी अग्निहोत्री के देहांत पर शोकोद्गार होगा।
दूसरे दिन वीरवार को सत्र की शुरुआत प्रातः 11:00 बजे प्रश्नकाल से की जाएगी। 17 फरवरी को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बजट प्रस्तुत करेंगे।
मुख्यमंत्री के इस बार लगभग 56000 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत करने का अनुमान है। पिछली बार की तरह यह बजट भी ग्रीन बजट हो सकता है। सरकार का सोलर एनर्जी पर विशेष ध्यान हो सकता है। इसके अलावा किसानों पर बजट का खास फोकस रहने के आसार हैं। कर्मचारी, महिला, युवाओं, बुजुर्गों, बेसहारा लोगों आदि से जुड़ी योजनाओं को भी बजट में विशेष रूप से शामिल किया जा सकता है। ये बजट सत्र 29 फरवरी तक चलेगा।
