राममय हुई औद्योगिक नगरी कालाअंब – मोगीनंद, बच्चे बूढ़े सब रंगे राम रंग में
दैनिक जनवार्ता न्यूज
कालाअंब (सिरमौर)। अयोध्या में आज श्रीराम प्राणप्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में रविवार को औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के मोगीनंद इलाके में शोभा यात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा में स्थानीय लोगों के साथ साथ हजारों प्रवासी लोगों ने भी बढ़चढ़ कर भाग लिया। बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग पूरे राम के रंग में रंगे नजर आए। शोभा यात्रा अपर मोगीनंद, ढाका वाला, हिमुडा कॉलोनी से होते हुए लोअर मोगीनंद शिव मंदिर तक निकाली गई। इस दौरान पूरा क्षेत्र राम नाम की धुन से गुंजायमान रहा। श्रीराम सेवा दल के सदस्य सोनी कुमार और विक्रम सिंह, देवेंद्र ने बताया कि आज 22 जनवरी को भगवान राम की प्राणप्रतिष्ठा समारोह केवल अयोध्या ही नहीं बल्कि पूरे देश में बड़े हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। इसी के मद्देनजर प्राण प्रतिष्ठा समारोह से एक दिन पूर्व रविवार को मोगीनंद में भगवान राम शोभा यात्रा निकाली गई। उन्होंने बताया कि आज कीर्तन और भंडारे का आयोजन भी किया जा रहा है।
कालाअंब क्षेत्र में खूब विक्रय हुए श्रीराम ध्वज
रविवार को प्राण प्रतिष्ठा समारोह से एक दिन पहले औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में श्रीराम ध्वजों की खूब बिक्री हुई। लोगों ने दीपावली पर्व की तरह ही खरीदारी की। बताया जा रहा है कि कालाअंब, मोगीनंद, त्रिलोकपुर, खैरी और साथ लगते हरियाणा के क्षेत्रों में हजारों की संख्या में राम ध्वज खरीदे गए।