शामरा में एक सप्ताह बाद पिंजरे में आ फंसा तेंदुआ, ग्रामीणों में था भय का माहौल
भारी दहशत के बीच ग्रामीणों ने वन विभाग से की थी पिंजरा लगाने की मांग
दैनिक जनवार्ता न्यूज
नाहन (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर की नौहराधार तहसील में आखिर एक तेंदुआ खुद पिंजरे में फंस गया। तेंदुए के पिंजरे में फंसते ही लोगों ने इसके वीडियो भी वायरल किए हैं। घटना नौहराधार तहसील के बोगधार के समीप शामरा गांव की है। बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में पिछले काफी समय से तेंदुए का खौफ बना हुआ था।
वन विभाग ने ग्रामीणों की मांग पर बोगधार के समीप शामरा गांव में तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया था। स्थानीय ग्रामीण रोजाना पिंजरे के अंदर मांस रखते थे। आखिरकार शनिवार रात तेंदुआ पिंजरे में खुद ही फंस गया। रविवार सुबह स्थानीय ग्रामीण जब पिंजरे के पास से गुजर रहे थे तो उन्हें तेंदुए के पिंजरे में फंसे होने का पता चला। वन विभाग को इसकी सूचना दी गई।
शामरा के लोगों ने बताया कि क्षेत्र में काफी समय से तेंदुए घूमते हुए नजर आ रहे हैं। चार दिन पहले ही नौहराधार तहसील कार्यालय के नजदीक एक तेंदुआ घर के आंगन में घूमता हुआ नजर आया, जिसे बाद में सीसीटीवी में भी देखा गया।
एक महीने पहले सैर तंदुला पंचायत के बराडी निवासी भीम सिंह को तेंदुए ने बुरी तरह नोंच दिया था। इस हमले में भीम की जान तो बच गई, लेकिन उसे बुरी तरह लहूलुहान कर दिया था। इसके बाद समूचे क्षेत्र में डर का माहौल बना हुआ था। लिहाजा, ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की।
श्रीरेणुकाजी वन मंडल की डीएफओ उर्वशी ठाकुर ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए ट्रैप लगाया हुआ था। शनिवार रात को तेंदुआ फंस गया है। मेडिकल जांच के बाद उसे जंगल में छोड़ा जाएगा।
