Advertisement

सिरमौर : जिला मुख्यालय सहित अन्य क्षेत्रों में पैट्रोल और डीजल की किल्लत, हड़ताल से आपूर्ति चेन टूटी।

पैट्रोल डीजल समेत अन्य जरूरी चीजों की आपूर्ति हुई ठप। लोगों को झेलनी पड़ रही दिक्कतें।
————————————————————————————————————————
दैनिक जनवार्ता न्यूज
नाहन/कालाअंब (सिरमौर)। ट्रक चालकों की हड़ताल से जिला मुख्यालय नाहन, कालाअंब और पांवटा साहिब क्षेत्र में पैट्रोल और डीजल की आपूर्ति में कमी आ रही है। मंगलवार शाम तक कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र में वाहन चालकों को पैट्रोल की कमी का सामना करना पड़ा। इलाके के अधिकतर पैट्रोल पंपों पर पैट्रोल न मिलने से वाहन चालकों की दिक्कतें फिलहाल बढ़ गई हैं। औद्योगिक क्षेत्र के अधिकतर कामगार अपने दुपहिया वाहनों से उद्योगों में आते जाते हैं। लेकिन हड़ताल के चलते पेट्रोल की आपूर्ति बाधित होने से उन्हें अब बाइक, स्कूटी या कार के लिए पेट्रोल नहीं मिल रहा है। कालाअंब में कार्यरत कामगारों में हिमांशु, रवि, संजू, दीपक, रत्न शर्मा, पिंटू, यादराम ने बताया कि वे घर से उद्योग तक आने जाने के लिए बाइक अथवा स्कूटी का इस्तेमाल करते हैं लेकिन पेट्रोल की किल्लत होने से उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें काम पर जाने के लिए भारी दिक्कत हो रही है। दूसरे साधन जैसे बस इत्यादि भी कामगारों की संख्या के लिहाज से नाकाफी हैं। डीजल या पेट्रोल की आपूर्ति बाधित होने से बसों के पहिए भी कभी भी रुक सकते हैं।
बहरहाल, पेट्रोल और डीजल के साथ ही दैनिक उपयोग की जरूरी चीजों दूध, दही, ब्रेड और सब्जियों की आमद भी ठप हो गई है। लिहाजा लोगों को और अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।