केंद्र से स्पष्टीकरण मिलते ही हाटी समुदाय को मिलेगा अनुसूचित जनजाति का दर्जा। साथ ही शिलाई विधानसभा क्षेत्र के लिए 100 करोड़ की योजनाएं स्वीकृत।
————————————————————
दैनिक जनवार्ता
नाहन (सिरमौर)। केंद्र सरकार की ओर से सिरमौर जिला के ट्रांसगिरि क्षेत्र के हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने के संदर्भ में अधिसूचना जारी की गयी लेकिन इस अधिसूचना में अस्पष्टता के चलते प्रदेश सरकार ने केंद्र से स्पष्टीकरण मांगा है। केंद्र की ओर से हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा दिया गया है। इसमें अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग भी शामिल हैं। इनमें कुछ वर्ग ऐसे हैं जो पूर्व में चली आ रही व्यवस्था का हिस्सा बनकर रहना चाहते हैं। ये बात उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने शिलाई प्रवास के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की अधिसूचना में सभी वर्गों को अनुसूचित जनजाति के दायरे में लाया गया है। इस सम्बन्ध में केंद्र सरकार से स्पष्टीकरण मांगा गया है, ताकि हाटी समुदाय की समस्याओं एवं मांगों को लेकर शीघ्र कोई हल निकाला जा सके। उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा स्पष्ट है कि हाटी के लोगों को शीघ्र से शीघ्र अनुसूचित जनजाति के सभी लाभ मिल सकें। प्रदेश सरकार सभी वर्गों को अपना पक्ष रखने का अवसर प्रदान करेगी और उसी के आधार पर आगामी नीति तैयार की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि ये बात सरकार सुनिश्चित करेगी कि किसी भी वर्ग का अहित न हो। उद्योग मंत्री ने सभी लोगों से आग्रह किया कि इस मुद्दे को राजनीतिक दृष्टि से न देखें और यह सुनिश्चित करें कि सभी समुदायों में आपसी भाईचारा और परस्पर प्रेम बना रहे। प्रदेश सरकार इस मामले की गंभीरता को समझती है और इस मुद्दे पर केंद्रीय नेतृत्व से बात की जायेगी और स्थाई समाधान निकाला जाएगा। केंद्र से स्पष्टीकरण मिलते ही इसे अविलंब लागू किया जाएगा।
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि वह भी शुरू से ही हाटी को जनजाति का दर्जा दिलवाने के लिये प्रयासरत रहे हैं। वर्ष 1993 में जब वह पहली बार विधायक बने तो उन्होंने ही इस बिल को विधानसभा में पारित करवाया था। 1996-97 में हाटी नाम भी उन्हीं का दिया हुआ है।
उद्योग मंत्री ने कहा कि उन्होंने एक वर्ष के कार्यकाल में शिलाई विधानसभा क्षेत्र के लिये 100 करोड़ रुपये की योजनाएं स्वीकृत करवाई हैं। इसके अलावा 10 करोड़ की राशि उन्होंने व्यक्तिगत विकास कार्यों के लिये शिलाई विधानसभा क्षेत्र के परिवारों को दी है। वह लगभग हर सप्ताह क्षेत्र का दौरा करके लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।
————————————————————

गिरिपार हाटी विकास कल्याण मंच के साथ उद्योग मंत्री हर्षवर्धन।
गिरीपार हाटी विकास कल्याण मंच के अध्यक्ष प्रताप सिंह जेलदार ने उद्योग मंत्री का स्वागत किया। उन्होंने प्रदेश सरकार की ओर से ट्रांसगिरी क्षेत्र को अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने के लिये किए जा रहे प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को कुछ लोग राजनीतिक दृष्टि से देखकर लोगों में भ्रांतियां पैदा कर रहे हैं।
जेलदार ने कहा कि आज भारी संख्या में क्षेत्र के लोग प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करने के लिये इकट्ठा हुए हैं और सरकार से जल्द से जल्द केंद्र सरकार से अस्पष्टताओं को दुरूस्त करवाकर अधिनियम को लागू करने के लिये आग्रह करते हैं, ताकि क्षेत्र के लोग सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हो सकें।
