अब विद्यालय में ही होंगी प्रयोगात्मक परीक्षाएं। मोगीनन्द स्कूल में 2 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन प्रयोगशाला का कार्य मार्च-2024 तक पूरा करने का लक्ष्य।
————————————————————
दैनिक जनवार्ता
नाहन (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र मोगीनन्द के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में निर्माणाधीन विज्ञान प्रयोगशाला का कार्य तेजी से चल रहा है। इस प्रयोगशाला को मार्च 2024 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। 2 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस प्रयोगशाला का निर्माण लोक निर्माण विभाग कर रहा है। अभी तक इसका लगभग 60 फीसदी कार्य पूरा हो गया है। बता दें कि उक्त विद्यालय में विज्ञान प्रयोगशाला के बनने से विद्यार्थियों की अधिक संख्या वाली कक्षाओं को संचालित करने में थोड़ी सुविधा हो जाएगी। विद्यालय का विज्ञान खण्ड एक तरह से अलग हो जाएगा। विद्यालय के मेडिकल और नॉन मेडिकल के विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक परीक्षाओं के लिए 15 से 20 किलोमीटर दूर स्थित अन्य स्कूलों में जाना पड़ रहा था। इसी के मद्देनजर एसएमसी और अभिभावक पिछले डेढ़ दशक से विज्ञान प्रयोगशाला की निरंतर मांग करते आ रहे थे। इसके फलस्वरूप पूर्व प्रदेश सरकार ने मोगीनन्द विद्यालय में विज्ञान प्रयोगशाला के लिए 2 करोड़ के बजट का प्रावधान किया था। बहरहाल, उक्त प्रयोगशाला की नींव तत्कालीन विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने 28 सितंबर 2022 को रखी थी। इसके बाद इसके निर्माण को लेकर कई अड़चनों का सामना करना भी करना पड़ा।
————————————————————
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मोगीनन्द में निर्माणाधीन विज्ञान प्रयोगशाला का कार्य विभाग की देखरेख में तेजी से चल रहा है। इसका निर्माण मार्च 2024 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। भूतल और प्रथम तल की छत डाल दी गई है।
आलोक जुनेजा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, नाहन।
Sirmaur News : रावमा विद्यालय मोगीनन्द में बन रही विज्ञान प्रयोगशाला, मार्च 2024 तक पूरा करने का लक्ष्य।
33
