अयोध्या में निर्माणाधीन हवाई अड्डे को मंदिर के डिजाइन में किया जा रहा तैयार। नक्काशीदार खंबे और दीवारों पर श्री राम के चित्र होंगे प्रदर्शित।
————————————————————
दैनिक जनवार्ता
ऋतु त्रिपाठी
नई दिल्ली। अयोध्या में एयरपोर्ट के निर्माण की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं। इससे पता चलता है कि अयोध्या में बनने वाले हवाई अड्डे की बनावट कैसी होगी। निर्माणाधीन हवाई अड्डा अयोध्या की विरासत और संस्कृति को दर्शाता है। लगभग 250 करोड़ की लागत से बन रहे हवाई अड्डे का डिजाइन मंदिर वास्तुकला की शैली से प्रेरित है। अयोध्या में 22 जनवरी को राम मंदिर का उद्घाटन होने वाला है। मंदिर के साथ साथ हवाई अड्डे का निर्माण भी किया जा रहा है। इसका निर्माण कार्य अंतिम चरण में है I इस हवाई अड्डे से जल्द ही उड़ानें शुरू होने की संभावना है।
इस एयरपोर्ट की खासियत ये है कि यह राम मंदिर की तर्ज़ पर बनाया जा रहा है। इसकी दीवारों पर श्री राम के जीवन के 14 महत्वपूर्ण चित्रों को दर्शाया गया है। यह देशभर से आने वाले पर्यटकों के लिए एक सुखद अनुभव होगा। श्री राम एयरपोर्ट के जीएम राजीव कुलश्रेष्ठ ने बताया कि एयरपोर्ट का काम अंतिम चरण में है। फिलहाल इसके सौंदर्यीकरण का काम चल रहा है।
