जिला मुख्यालय नाहन में जगन्नाथ मंदिर के प्रथम प्रवेश द्वार का हुआ शिलान्यास। पांच प्रवेश द्वार बनाये जाने प्रस्तावित। करीब 3 करोड़ रुपए का आएगा खर्च।
————————————————————
दैनिक जनवार्ता
नाहन (सिरमौर)। जिला मुख्यालय नाहन में सबसे प्राचीन श्री जगन्नाथ मंदिर के दिल्ली गेट के पास प्रवेश द्वार का विधिवत शिलान्यास शुक्रवार को किया गया। शिलान्यास श्री जगन्नाथ रथ यात्रा मंडल के अध्यक्ष प्रकाश बंसल, कालीस्थान मंदिर के महंत किशोरी नाथ, श्री जगन्नाथ मंदिर के पुजारी अचार्य रामदत्त के साथ अन्य सदस्यों ने मिलकर किया।
श्री जगन्नाथ रथ यात्रा मंडल के अध्यक्ष प्रकाश बंसल ने बताया कि इस प्रवेश द्वार को बनाने के लिए 4 वर्ष पहले संकल्प लिया गया था, जोकि आज पूरा हुआ है। इस प्रवेश द्वार का निर्माण कार्य फरवरी माह के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।साथ ही नाहन के आसपास श्री जगन्नाथ जी के अन्य चार प्रवेश द्वार और बनाए जाएंगे।
इनमें पहला प्रवेश द्वार दिल्ली गेट, दूसरा रघुनाथ मंदिर, तीसरा दोसड़का, चौथा प्रवेश द्वार बनाेग बिरोजा फैक्ट्री और पांचवा औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में बनाया जाएगा।
इन पांच प्रवेश द्वारों पर करीब 3 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जाएगी। ये राशि भक्तों की ओर से भेंट स्वरूप दी जाएगी। नाहन दिल्ली गेट पर बनने वाले प्रवेश द्वार के लिए श्रद्धालुओं ने दान देना शुरू कर दिया है।
दिल्ली गेट से श्री जगन्नाथ मंदिर तक लाल पत्थर भी लगाया जाएगा। इस अवसर पर मंडल समिति के उपाध्यक्ष पियूष गर्ग, महासचिव भुवन जोशी, कोषाध्यक्ष योगेश जैन, पार्षद मधु अत्री, सतीश गर्ग व दीपक अग्रवाल भी उपस्थित रहे।
Sirmaur News : जिला मुख्यालय नाहन में श्री जगन्नाथ मंदिर के प्रथम प्रवेश द्वार का हुआ शिलान्यास। प्रवेश द्वार का कार्य फरवरी 2024 तक पूरा करने का लक्ष्य।
34
