Advertisement

HP News : हिमाचल सरकार का एक वर्ष का कार्यकाल पूरा करने पर जश्न में शामिल होंगे राहुल और प्रियंका।

प्रदेश सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल के जश्न में शामिल होंगे राहुल और प्रियंका।
————————————————————
दैनिक जनवार्ता
शिमला। हिमाचल प्रदेश की वर्तमान सरकार के कार्यकाल के एक वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में 11 दिसंबर को कांगड़ा में एक भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी शामिल होंगे। यह बात मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा की नियुक्ति के लिए आभार व्यक्त करने ओक ओवर पहुंचे समर्थकों को सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि यशवंत छाजटा ने 25 वर्ष कांग्रेस पार्टी की सेवा की है। इसी के चलते उन्हें सरकार में नियुक्ति मिली है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं को भी पद दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और प्रदेश सरकार व्यवस्था परिवर्तन के दौर से गुजर रही है और आने वाले समय में कई बदलाव देखने को मिलेंगे। इस व्यवस्था परिवर्तन से हिमाचल प्रदेश में विकास की गति तेज होगी और हिमाचल प्रदेश की जनता को लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने अपनी 10 में से 3 गारंटियों को पूरा कर दिया है। मंत्रिमण्डल की पहली बैठक में सरकारी कर्मचारियों का मान-सम्मान करते हुए पुरानी पेंशन स्कीम (ओपीएस) को लागू कर दिया गया है। 680 करोड़ रुपए वाली राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्ट-अप योजना के पहले चरण की शुरूआत हो चुकी है। इसके तहत ई-टैक्सी की खरीद पर 50 प्रतिशत सब्सिडी युवाओं को दी जा रही है।