दैनिक जनवार्ता
नाहन (सिरमौर)। अंतरराष्ट्रीय रेणुका मेला बुधवार को भव्य शोभायात्रा के साथ शुरु हुआ। प्रदेश सरकार की ओर से विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने देव पालकियों को कंधा देकर मेले का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने परंपरागत तरीके से देव पालकियों को कंधा देकर रवाना किया। स्थानीय गिरीनदी में बनाए गए अस्थाई पण्डाल से शोभायात्रा शुरू हुई और ददाहू बाजार, गिरिपुल, बडोंन, देवशिला और मेला मैदान से होती हुई रेणुकाजी तीर्थ के त्रिवेणी घाट पर पहुंची। इस घाट पर मां रेणुका और उनके पुत्र परशुराम का पारंपरिक विधि से आध्यात्मिक मिलन कराया गया।
इस ऐतिहासिक मिलन का मनोरम दृश्य देखने के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। पारंपरिक लोक वाद्य यंत्रों, शंख, ढोल-नगाड़े और बैंड बाजे के साथ निकाली गई इस शोभायात्रा से रेणुका नगरी भगवान परशुराम और माता रेणुकाजी के जयकारों से गुंजायमान रही।
इसके अतिरिक्त पुलिस, होमगार्ड और स्कूल बैंड सहित एनसीसी, स्काउट एंड गाइड और एनएसएस के स्वंयसेवी भी शोभायात्रा में शामिल हुए। शोभायात्रा में विभिन्न स्थानों से लाई देव पालकियां भी आकर्षण का केंद्र रही। इस मौके पर आयुष एवं उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, स्थानीय विधायक विनय कुमार, जिला उपायुक्त सुमित खिमटा, पुलिस अधीक्षक रमन कुमार मीणा, जिले के अन्य अधिकारी, रेणुका विकास बोर्ड के पदाधिकारी और हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।
Sirmaur News : प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने किया रेणुका मेले का विधिवत शुभारंभ।
36
