मेले के मद्देनजर गिरी नदी के किनारे देवताओं के लिए लगाया पंडाल, यहीं से मुख्यातिथि करेंगे देवताओं को रवाना।
दैनिक जनवार्ता
नाहन (सिरमौर)। अंतर्राष्ट्रीय रेणुकाजी मेले के आयोजन को लेकर गिरी नदी पर अस्थाई पुल और देवताओं के लिए पंडाल तैयार कर लिया गया है। 22 नवंबर से शुरू होने वाले रेणुका मेले को लेकर जिला प्रशासन सहित सभी विभागों की ओर से व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
गिरी नदी पर अस्थाई पुल स्थापित करके मेला क्षेत्र के साथ जोड़ा गया है। श्रद्धालु इस पुल के जरिये लघु मार्ग से मेले में पहुंच सकेंगे। मेले के दौरान वाहनों के लिए पार्किंग भी गिरी नदी के किनारे बनाई गई है। इसके अलावा देवताओं के लिए पंडाल भी गिरी नदी के किनारे ही तैयार किया गया है। इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने गिरी नदी के किनारे एक बड़े भूभाग को मेले के आयोजन के लिए तैयार कर लिया है। बताया जा रहा है कि इसी स्थल से मुख्य अतिथि देवताओं की रवानगी करेंगे।

पंडाल के लिए चयनित स्थान। हालांकि इस वर्ष मेले का शुभारंभ मुख्यमंत्री के स्थान पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया करेंगे। पहले भी दो बार विधानसभा अध्यक्ष रेणुका मेले का शुभारंभ कर चुके हैं। इनमें पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर और डॉ. राजीव बिंदल के नाम शामिल हैं।
सूत्रों से ज्ञात हुआ है कि अंतर्राष्ट्रीय रेणुका मेले के उद्घाटन में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण वह मेले में नहीं आ पा रहे हैं।
