अंतरराष्ट्रीय हेरोइन तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ करने के उपलक्ष्य में दिया गया स्वर्ण पदक।
दैनिक जनवार्ता
शिमला। हिमाचल प्रदेश के आईपीएस अधिकारी ज्ञानेश्वर सिंह को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने स्वर्ण पदक से नवाजा है। आईपीएस अधिकारी को यह सम्मान एक अंतरराष्ट्रीय हेरोइन तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ करने के एवज में दिया गया है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक पंजाब के लुधियाना में आईपीएस ज्ञानेश्वर सिंह की अगुवाई में गठित टीम ने करीब 1500 किलो हेरोइन की खेप भारत में पहुंचने की सूचना के आधार पर इस विशेष ऑपरेशन को अंजाम दिया था। इसमें 40 किलो मौके पर से बरामद कर ली गई थी। इसके बाद जांच को आगे बढ़ाते हुए अभी तक 400 किलो हेरोइन बरामद की जा चुकी है। राष्ट्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो में उप महानिदेशक (आपरेशन्स) के पद पर तैनात आईपीएस अधिकारी ज्ञानेश्वर सिंह की ये खास उपलब्धि है। ज्ञानेश्वर सिंह ने इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय का आभार जताया है। उन्होंने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय मामले में देश के कई राज्यों की पुलिस और एनआईए भी अपने स्तर पर जांच कर रहे हैं।
