दैनिक जनवार्ता
शिमला। हिमाचल प्रदेश में होने वाली शास्त्री अध्यापकों की भर्ती पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। प्रदेश के 9 जिलों में 494 पदों पर ये भर्ती होनी थी। सरकारी स्कूलों में यह भर्तियां बैच वाइज आधार पर होनी थी।
बहरहाल, प्रारंभिक शिक्षा विभाग की ओर से अधिसूचना जारी करते हुए इन भर्तियों पर प्रशासनिक कारणों के चलते रोक लगाने की बात सामने आई है। आगामी आदेशों तक भर्ती टल गई है।
बता दें कि शिक्षा निदेशालय ने 26 सितंबर को उपनिदेशकों को जारी पत्र में जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद कई जिलों में बैचवाइज भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी।
प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने नौ जिलों के लिए आबंटित पदों का ब्यौरा जारी किया था। नौ जिलों में कुल 494 पदों पर शास्त्री के पदों पर भर्ती होनी थी।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बैचवाइज भर्ती प्रक्रिया पूरा करने के लिए दो माह का लक्ष्य दिया है। अभी नौ जिलों को ही 494 पद आबंटित किए गए हैं। शेष तीन जिलों बिलासपुर, चंबा और लाहौल स्पीति को पद आबंटित नहीं किए गए हैं।
शास्त्री के 50 प्रतिशत पद लोक सेवा आयोग के माध्यम से सीधी भर्ती से भरे जाएंगे। सीधी भर्ती के लिए आयोग को मांग भेजी जाएगी। शिक्षा सचिव की ओर से 19 सितंबर को 5291 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के लिए निदेशालय को आदेश किए गए थे।
हिमाचल समाचार : प्रदेश में शास्त्री की बैचवाइज भर्ती पर रोक, अधिसूचना जारी।
9
