दैनिक जनवार्ता
नाहन (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में लोग यातायात नियमों की जमकर धज्जियां उड़ा रहे हैं। हालांकि पुलिस विभाग और सड़क सुरक्षा क्लब लगातार क्षेत्र में यातायात और सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चला रहे हैं। बावजूद इन तमाम कोशिशों के लोग लापरवाही बरतने से बाज नहीं आ रहे हैं। तीन सवारी और बिना हेल्मेट दुपहिया वाहन चालक पूरे क्षेत्र में सरेआम देखे जा रहे हैं। कुछ माह पूर्व ही कालाअंब में सड़क सुरक्षा क्लब की ओर से बड़े स्तर पर जागरूकता शिविर आयोजित किया गया था। इस जागरूकता शिविर में सिरमौर के पुलिस अधीक्षक रमन कुमार मीणा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोमदत्त विशेष रूप से उपस्थित थे, जबकि नाहन के वर्तमान विधायक अजय सोलंकी बतौर मुख्यातिथि पधारे थे। इस दौरान अजय सोलंकी और दोनों पुलिस अधिकारियों ने दोपहिया वाहन चालकों को मुफ्त 50 हेल्मेट वितरित किये थे और जागरूक किया था कि लोग बाइक या स्कूटर चलाते समय हेल्मेट का प्रयोग अवश्य करें। विधायक अजय सोलंकी ने भी यातायात नियमों के पालन के लिए जनता से अपील की थी लेकिन जनता पर इसका कोई असर दिखाई नहीं पड़ रहा है। हैरत की बात है कि मुफ्त हेल्मेट लेने के बाद भी लोग हेल्मेट नहीं पहन रहे। सड़क सुरक्षा क्लब कालाअंब के अध्यक्ष सोमनाथ भाटिया ने बताया कि सड़क सुरक्षा क्लब की ओर से 50 हेल्मेट मुफ्त वितरित किए गए थे। क्लब की ओर से औद्योगिक क्षेत्र के अलग अलग भागों में लगातार जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
Sirmaur News : औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में यातायात नियमों को तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई – सड़क सुरक्षा क्लब।
30
