दैनिक जनवार्ता ब्यूरो
नाहन (सिरमौर) 14 नवंबर। जिला सिरमौर में दीपावली पर्व मनाते समय कई लोग पटाखों और आतिशबाजी की चपेट में आने से चोटिल हो गए। सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में सबसे ज्यादा मामले आए हैं। मेडिकल कालेज नाहन में भी आतिशबाजी से झुलसे कई लोग उपचार के लिए पहुंचे। जिले के पांवटा साहिब और नाहन से करीब 19 मामले झुलसने के सामने आए हैं। बहरहाल, दीपावली पर्व पर अस्पतालों में आपातकालीन सेवाओं को जारी रखा गया था। लिहाजा अस्पतालों में ऐसे मामले पहुंचते ही पीड़ितों का उपचार किया गया। कई लोगों को इलाज के बाद घर भेज दिया गया। नाहन स्थित मेडिकल काॅलेज में पटाखों से झुलसने के कुल पांच मामले आए। इनमें नाहन के वीरेंद्र, गुरजंत, वैभव, शांता प्रसाद और जमटा से सुभाष चंद दिवाली के मौके पर पटाखे की चपेट में आने से घायल हुए। सभी घायलों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। वहीं, पांवटा साहिब में आतिशबाजी से 14 लोग झुलसे। सभी घायलों को रात को ही सिविल अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचाया गया। गनीमत रही कि घायलों को ज्यादा गंभीर चोटें नहीं आई।
Sirmaur News : जिला मुख्यालय नाहन में 5 लोग पटाखों से चोटिल हुए, पांवटा साहिब में 14 लोग चपेट में आए।
3
