
दैनिक जनवार्ता ब्यूरो
शिमला 12 नवंबर। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को शिमला के बालिका आश्रम टूटीकंडी में बच्चों के साथ दीपावली मनाई और मिठाई, फल और पटाखे वितरित किए। दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने कानून बनाकर अनाथ बच्चों को चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट का दर्जा दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य में अब तक 4 हजार अनाथ बच्चों को पात्रता प्रमाण पत्र जारी किये गए हैं। इससे उनको मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह योजना राज्य सरकार के दृढ़ संकल्प और इच्छाशक्ति की प्रतीक है।

इस योजना के तहत 27 वर्ष की आयु तक अनाथ बच्चे की देखभाल का जिम्मा राज्य सरकार का है। इसके साथ ही अनाथ बच्चों को क्लोथ अलाउंस और त्यौहार मनाने के लिए भत्ता दिया जा रहा है। उनकी उच्च शिक्षा, रहने का खर्च और 4000 रुपए जेब खर्च राज्य सरकार की ओर से प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अनाथ बच्चों को नामी स्कूलों में दाखिले के लिए भी प्रयास कर रही है। इसके साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर बनाने तथा घर बनाने के लिए 3 बिस्वा भूमि तथा 2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता भी प्रदान की जा रही है।
