दैनिक जनवार्ता ब्यूरो
अयोध्या। दीपावली पर्व के अवसर पर अयोध्या नगरी देवलोक के समान सजी हुई है। आकर्षक रोशनियों के साथ 15 तोरण द्वार और कई स्वागत द्वार अयोध्या की शोभा में चार चांद लगा रहे हैं।
आज शनिवार को 21 लाख दीपक राम की पैड़ी पर जलाए जाएंगे जोकि एक विश्व रिकार्ड भी होगा। इसके अलावा 3 लाख 60 हजार दीये और भी जलाए जाएंगे।

शनिवार को संध्या होते ही रामलला के दरबार में पहला दीप जलेगा। इसके साथ ही पूरी अयोध्या नगरी रोशनी से जगमगा जाएगी। पुष्पक विमान रूपी हेलीकॉप्टर से श्री राम अयोध्या पधारेंगे। मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी और राज्यपाल आनंदी बेन उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी भगवान श्री राम का राजतिलक करेंगे। इस दौरान रामकथा पार्क में लगभग पांच हजार अतिथि भी उपस्थित रहेंगे। आतिशबाजी ग्रीन पटाखों की अबकी बार सरयू नदी पुल पर करीब आधा घंटा होगी। इस व्यवस्था पर लगभग 80 लाख रुपए व्यय किये जा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी और अन्य अतिथि सरयू तट से ही आतिशबाजी का आनंद लेंगे।
रामनगरी में वहां के स्थानीय निवासियों का उत्साह भी चरम पर है। लंका विजय के बाद भगवान राम के अयोध्या लौटने की खुशी में जिस तरह से त्रेता युग में सजावट की गई थी, उसी तरह आज भी लोगों ने अपने घरों को सजा रखा है।
—————–
Published by Sanjay Gupta, 11 nov. 2023,
Ayodhya Live.
