दैनिक जनवार्ता ब्यूरो
दिल्ली। विधानसभा चुनाव के मतदान से ठीक तीन दिन पहले 14 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी मध्यप्रदेश की औद्योगिक राजधानी इंदौर में रोड शो करेंगे। पीएम मोदी का ये रोड शो 6 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करेगा। प्रधानमंत्री मोदी के इस रोड शो को ऐतिहासिक बनाने के लिए अलग अलग क्षेत्रों के नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इंदौर क्षेत्र क्रमांक एक, तीन, पांच और राऊ विधानसभा सीट को भाजपा चुनौती मान रही है। इसी के मद्देनजर मोदी के रोड शो में इन क्षेत्रों को विशेष रूप से शामिल किया गया है। जानकारी के अनुसार पीएम मोदी का रोड शो दो हिस्सों में होगा। पहले हिस्से की शुरुआत विधानसभा क्षेत्र क्रमांक एक से होगी। इस सीट से भाजपा के कद्दावर नेता कैलाश विजयवर्गीय मैदान में हैं। विजयवर्गीय का मुकाबला कांग्रेस के प्रत्याशी संजय शुक्ला से है। हाल ही में शुक्ला के समर्थन में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी रोड शो किया था। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी के रोड शो के रूट में बदलाव हो रहा है। पहला रोड शो विधानसभा क्षेत्र क्रमांक एक के बड़ा गणपति मंदिर से शुरू होगा। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक तीन के राजवाड़ा में खत्म होगा। इस दौरान पीएम मोदी माता अहिल्या की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी करेंगे। पीएम का रोड शो क्षेत्र क्रमांक पांच से भी गुजरेगा। इस सीट से महेंद्र हार्डिया भाजपा के उम्मीदवार है। जबकि सत्यनारायण पटेल कांग्रेस प्रत्याशी उनके विरुद्ध मैदान में है। पटेल प्रियंका गांधी के करीबी बताये जा रहे हैं। हाल ही में प्रियंका गांधी पटेल के विधानसभा क्षेत्र में भी जनसभा के लिए पहुंची थी।
पीएम मोदी का दूसरा रोड शो राऊ विधानसभा क्षेत्र से शुरू होगा। यहां से कांग्रेस नेता जीतू पटवारी विधायक हैं। पटवारी इस बार फिर मैदान में हैं। जबकि भाजपा ने यहां से मधु वर्मा को प्रत्याशी बनाया है। दोनों के बीच कड़ी टक्कर बताई जा रही है। यह रोड शो शहर की तीन नंबर विधानसभा से भी गुजरेगा। यहां से भाजपा ने गोलू शुक्ला को टिकट दिया है। पहले इस सीट से कैलाश विजयवर्गीय के बेटे आकाश विजयवर्गीय विधायक थे। इस बार उनका टिकट कट गया है। जबकि कांग्रेस ने पिंटू जोशी को मैदान में उतारा है। शुक्ला और जोशी के बीच कड़ा मुकाबला बताया जा रहा है।
MP Election News : पीएम मोदी का 14 नवंबर को इंदौर में होगा रोड शो।
38
