दैनिक जनवार्ता ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के एच.पी.लॉ कॉलेज के 30 छात्रों ने वीरवार को आज केंद्रीय आदर्श कारागार नाहन का दौरा किया। इसका मुख्य उद्देश्य लॉ के छात्रों को कानूनी प्रणाली में व्यवहारिक अंतर्दृष्टि से अवगत कराना और एक सुधारक संस्थान की गतिविधियों को समझाना था। लॉ के सहायक प्रोफेसर अंकित ठाकुर और श्वेता ने सभी छात्रों का मार्गदर्शन करते हुए बताया कि कारागार प्रणाली किस तरह कार्य करती है और सुधार अधिकारी कैदियों को कैसे काम सौंपते हैं। उप-अधीक्षक विनोद कुमार चंबियाल ने छात्रों को बताया कि कारागार में सुधारात्मक सेवाओं को किस तरह कार्यान्वित किया जाता है। इस दौरान कारागार अधिकारियों और कॉलेज के अधिकारियों ने छात्रों की शंकाओं का भी निवारण किया। एच.पी. लॉ कॉलेज के प्रधानाचार्य अश्विनी कुमार ने बताया कि संस्थान में इस तरह की गतिविधियां छात्रों का ज्ञान बढ़ाने के लिए आयोजित की जाती हैं। ऐसी गतिविधियों के माध्यम से छात्रों को जागरूक किया जाता है। कानून के छात्र होने के नाते छात्रों को कारागार और वहां की कार्य प्रणाली का ज्ञान होना आवश्यक है। हिमालयन संस्थान कालाअंब के चेयरमैन रजनीश बंसल, वाईस चेयरमैन विकास बंसल और सीईओ मन्नत बंसल ने बताया कि छात्रों के चहुंमुखी विकास के लिए संस्थान की ओर से ऐसी गतिविधियां कराई जाती हैं ताकि छात्रों को उनके कोर्स के अनुरूप व्यवहारिक ज्ञान मिल सके।
Sirmaur News : कालाअंब के हि.प्र.लॉ कॉलेज के छात्रों ने केंद्रीय आदर्श कारागार नाहन की कार्यप्रणाली की ली जानकारी।
6
