दैनिक जनवार्ता ब्यूरो
नाहन (सिरमौर) 04 नवंबर। अहोई अष्टमी पर्व क्षेत्र में कल धूमधाम से मनाया जाएगा। करवा चौथ की ही तरह मनाए जाने वाले इस पर्व में माताएं अपनी संतान की लंबी उम्र और उत्तम स्वास्थ्य की मनोकामना को लेकर दिनभर उपवास रखती हैं। शाम के समय एकल या सामूहिक रूप से महिलाएं कथा वाचन और श्रवण करती हैं। इसके बाद तारा देखकर उपवास खोला जाता है। कुछ प्राचीन मान्यताओं के मुताबिक अहोई अष्टमी को व्रत केवल पुत्रों की लंबी आयु के लिए रखा जाता है। लेकिन वर्तमान समय में अब पुत्र-पुत्रियों दोनों के लिए मनाया जाने लगा है। महिलाओं में ऋतु त्रिपाठी, मीनाक्षी गुप्ता, इंदु गोयल, रश्मि शर्मा, रंजना, भावना, नीतू ने बताया कि समय के साथ इस पर्व में थोड़ा परिवर्तन हुआ है। जहां पहले केवल पुत्रों की लंबी आयु के लिए इस व्रत को किया जाता था, वहीं अब पुत्रियों के लिए भी किया जाने लगा है। उन्होंने बताया कि इस पर्व का उद्देश्य संतान की लंबी आयु और अच्छे स्वास्थ्य से है। पुत्रियां भी संतान ही होती हैं, उनसे भेदभाव नहीं होना चाहिये।
Sirmaur News : कल मनाया जाएगा अहोई अष्टमी पर्व, माताएं रखेंगी संतान की लंबी आयु के लिए व्रत।
10
