दैनिक जनवार्ता ब्यूरो
नाहन (सिरमौर) 13 अक्तूबर। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में डेंगू खतरनाक हो गया है। शुक्रवार को डेंगू ने एक और जान ले ली। जिले में डेंगू से बीते कल एक 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई थी। आज भी एक 37 वर्षीय महिला की मौत हुई है। मृतका ने मुलाना (हरियाणा) के अस्पताल में दम तोड़ा है। महिला वार्ड नं 4, तारूवाला (पांवटा साहिब) की रहने वाली थी। बताया जा रहा है कि महिला को तेज बुखार आने के बाद परिजन देहरादून के अस्पताल में उपचार के लिए ले गए थे। वहां उसकी डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उपचार के दौरान उसकी हालत गंभीर होने पर अस्पताल प्रबंधन ने उसे टर्सरी केयर यूनिट वाले अस्पताल ले जाने की सलाह दी। लिहाजा परिजन उसको मुलाना (हरियाणा) अस्पताल ले गए, जहाँ उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जिले में डेंगू से लगातार होने वाली ये दूसरी मौत है। स्वास्थ्य खंड राजपुर के बीएमओ डॉ. के.एल. भगत ने बताया कि पांवटा साहिब के तारूवाला की महिला की हरियाणा के मुलाना अस्पताल में मौत हुई है। महिला को सिरमौर के किसी सरकारी अस्पताल में भर्ती नहीं किया गया था। स्वास्थ्य विभाग डेंगू से निपटने के लिए गंभीर है। लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी सिरमौर डॉ. अजय पाठक ने बताया कि जिले में शुक्रवार को 19 नए मामले डेंगू और 3 मामले स्क्रब टायफस के आए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि लापरवाही न बरतें, सतर्क रहें। सावधानी बरतनी जरूरी है।
सिरमौर में डेंगू हुआ घातक, दो की मौत। शुक्रवार को जिले में 19 नए मामले डेंगू के आये।
12
